चौपाल में क्रिकेट प्रतिभाओं का उमड़ा सैलाब, HPCA क्रिकेट एकेडमी ट्रायल में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा।
|
😊 Please Share This News 😊
|
चौपाल में क्रिकेट प्रतिभाओं का उमड़ा सैलाब, HPCA क्रिकेट एकेडमी ट्रायल में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा।
गिरिश ठाकुर
चौपाल, 5 अप्रैल।
चौपाल में हाल ही में शुरू हुई हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) द्वारा संचालित क्रिकेट एकेडमी के लिए रविवार को चयन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुबह से मौसम ने हल्की चुनौती पेश की और बारिश भी हुई, लेकिन क्रिकेट के प्रति युवाओं का जुनून कम नहीं हुआ। सुबह 9 बजे से पहले ही खेल मैदान में छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे क्षेत्र में क्रिकेट को लेकर बढ़ते उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है।
चयन प्रक्रिया के लिए जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने शिमला से चयनकर्ताओं की विशेष टीम चौपाल भेजी थी। टीम ने विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखा और उनकी प्रतिभा का मूल्यांकन किया।
शिमला जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य पंकज नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 वर्ष से 19 वर्ष आयु वर्ग के 30 छात्र और 30 छात्राओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को चौपाल क्रिकेट एकेडमी में पेशेवर प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि चौपाल में क्रिकेट एकेडमी शुरू करवाने में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष रजनीश किमटा का विशेष योगदान रहा है। साथ ही जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर द्वारा इस क्षेत्र में एकेडमी खोलने से स्थानीय युवाओं की छुपी प्रतिभाओं को निखारने का बड़ा मंच मिला है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस पहल से चौपाल क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
