कांगड़ा में होगी संस्कृतभारती की अखिल भारतीय गोष्ठी। देशभर से 800 दायित्ववान कार्यकर्ता लेंगे भाग, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को मुख्य आयोजन।
|
😊 Please Share This News 😊
|
कांगड़ा में होगी संस्कृतभारती की अखिल भारतीय गोष्ठी।
देशभर से 800 दायित्ववान कार्यकर्ता लेंगे भाग, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को मुख्य आयोजन।
नूरपुर। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के मलकवाल, नूरपुर स्थित वी.वी.एम. इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में संस्कृतभारती की अखिल भारतीय गोष्ठी का आयोजन 31 अक्टूबर और 1 नवंबर, 2026 को किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर से लगभग 800 दायित्ववान कार्यकर्ताओं के भाग लेने की संभावना है। गोष्ठी के सफल संचालन के लिए विभिन्न व्यवस्था विभागों में 250 से अधिक प्रबंधक एवं सहयोगी कार्यकर्ता भी अपनी भूमिका निभाएंगे।
संस्कृतभारती हिमाचल प्रांत के प्रचार प्रमुख डॉ. सत्य देव एवं देहरा जनपद संपर्क प्रमुख डॉ. विनोद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश में पहली बार इस स्तर पर संस्कृतभारती की अखिल भारतीय गोष्ठी आयोजित की जा रही है। इसमें अखिल भारतीय स्तर के साथ-साथ 12 क्षेत्रीय स्तरों तथा 43 प्रांतों के दायित्ववान कार्यकर्ता भाग लेंगे। इससे पूर्व इस प्रकार का आयोजन हरिद्वार में किया गया था।
उन्होंने बताया कि गोष्ठी की गतिविधियां पांच दिनों तक चलेंगी। इसका औपचारिक आरंभ 29 अक्टूबर को लघु गण गोष्ठी से होगा, जिसमें अखिल भारतीय स्तर के 10 से 12 पदाधिकारी भाग लेंगे। 30 अक्टूबर को अखिल भारतीय कार्यगण गोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें करीब 45 से 50 कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
31 अक्टूबर और 1 नवंबर को मुख्य अखिल भारतीय गोष्ठी होगी। इसमें देश-विदेश में चल रहे संस्कृत कार्यों, संगठन की कार्यपद्धति तथा संस्कृत कार्य के विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। गोष्ठी में भविष्य की कार्ययोजना और संस्कृत के प्रचार-प्रसार के लिए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
आयोजन के पांचवें एवं अंतिम चरण में 2 नवंबर को देशभर में संस्कृत कार्य के लिए समर्पित लगभग 70 पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की विशेष गोष्ठी होगी।
तैयारियों को लेकर हुई पहली बैठक
आयोजन की तैयारियों के संबंध में डॉ. सत्य देव ने बताया कि 6 सितंबर, 2026 को मलकवाल स्थित गोष्ठी स्थल पर एक महत्वपूर्ण उपवेशन आयोजित किया गया। इसमें संस्कृतभारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री जयप्रकाश गौतम, केंद्रीय अभिलेखागार प्रमुख श्री उल्लासचन्द्र, गोष्ठी स्थल के स्वामी श्री राकेश पठानिया, उत्तर क्षेत्र संगठन मंत्री श्री नरेंद्र कुमार, उत्तर क्षेत्र प्रशिक्षण प्रमुख श्री संजीव पाठक सहित विभिन्न प्रांतों एवं क्षेत्रों के 30 से अधिक दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में गोष्ठी के सफल संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन की समस्त व्यवस्थाओं के प्रमुख का दायित्व प्रांत सहमंत्री श्री ललित शर्मा को सौंपा गया है। व्यवस्था की दृष्टि से करीब 52 विभिन्न विभागों की पहचान कर उनके संचालन एवं प्रबंधन पर सूक्ष्म स्तर पर चर्चा की गई।
इन व्यवस्था विभागों को तीन वाहिनियों में विभाजित किया गया है। इनके संचालन में सहयोग के लिए प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. सत्य देव, कांगड़ा विभाग संयोजक डॉ. पुरुषोत्तम तथा चंबा विभाग संयोजक श्री सुदर्शन शर्मा को सह-व्यवस्था प्रमुख का दायित्व सौंपा गया है।
सितंबर में होंगे अभ्यास वर्ग
गोष्ठी की तैयारियों को गति देने के लिए सितंबर माह के तीसरे और चौथे सप्ताह में हिमाचल प्रदेश के सातों विभागों में विभागवार अथवा दो-दो विभागों के संयुक्त अभ्यास वर्ग आयोजित किए जाएंगे। इन अभ्यास वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को विभिन्न व्यवस्था विभागों में जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए पूर्व प्रशिक्षण एवं आवश्यक तैयारी करवाई जाएगी।
संस्कृतभारती के पदाधिकारियों ने बताया कि हिमाचल में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाली इस गोष्ठी को सफल बनाने के लिए तैयारियां चरणबद्ध तरीके से की जा रही हैं।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
