रोहड़ू व नेरवा में स्थिति शान्तिपूर्ण: अमित कश्यप।
😊 Please Share This News 😊
|
रोहड़ू व नेरवा में स्थिति शान्तिपूर्ण: अमित कश्यप।
न्यूज़टुडे बीयूरो 28 दिसंबर
उपायुक्त शिमला श्री अमित कश्यप ने आज यहां बताया कि जिला शिमला के उपमंडल रोहड़ू में 27 दिसम्बर, 2018 को हुई घटना के प्रति प्रशासन ने सजगता और संवेदनशीलता के साथ जरूरी कदम उठाए हैं।
उन्हांेने कहा कि रोहड़ू और नेरवा में शांतिपूर्ण माहौल है तथा स्थिति पूर्णतः सामान्य है। प्रशासन द्वारा रोहड़ू, नेरवा तथा चिढ़गांव में विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ आज बैठकें की गई हैं।
रोहड़ू स्थित उपमंडलाधिकारी कार्यालय में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, प्रोटोकाॅल श्री जीसी नेगी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें वीएचपी, गौ रक्षा समिति, बजरंग दल, व्यापार मंडल, नगर परिषद, भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और इवादतगाह विकास समिति के 65 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सभी लोगों ने पिछले कल हुई घटना की निन्दा की। उन्होंने क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया। विभिन्न प्रतिनिधियों ने कहा कि इस क्षेत्र में विभिन्न समुदायों के बीच किसी भी तरह का मतभेद नहीं है। सभी लोग प्यार और सदभाव के साथ रहते हैं तथा यहां हमेशा सामाजिक सोहार्द बना रहता है। सभी समुदायों के लोग एक दूसरे के घरों में आते जाते हैं तथा शादी ब्याह इत्यादि महत्वपूर्ण अवसरों पर एक दूसरे के घरों में शिरकत करते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी समुदाय के लोगों ने प्रशासन को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है। प्रशासन द्वारा क्षेत्र में कानून व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गये हैं।
बैठक में संदिग्ध तत्वों की पहचान व जांच का मुद्दा भी उठाया गया। प्रशासन द्वारा यह कार्य अतिशीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।
श्री अमित कश्यप ने बताया कि रोहड़ू व नेरवा दोनों ही क्षेत्रों में स्थिति सामान्य है तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। इन क्षेत्रों में बाहर से आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विभिन्न वर्गों के साथ बैठकें भी की जा रही हैं।
उपायुक्त ने इन क्षेत्रों के सभी लोगों से आपसी सद्भाव तथा शांति के साथ मिलजुलकर रहने का आह्वान किया है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
