नीरज भारती की पोस्ट से फिर बवाल, धन्यवाद संदेश से मुख्यमंत्री का नाम गायब, वजह भी खुद बताई।
|
😊 Please Share This News 😊
|
नीरज भारती की पोस्ट से फिर बवाल, धन्यवाद संदेश से मुख्यमंत्री का नाम गायब, वजह भी खुद बताई।
शिमला: सोशल मीडिया पोस्ट से कई बार सुर्खियां बना चुके नीरज भारती अब एक बार फिर सुर्खियों में है. हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद नीरज भारती की ताज़ा पोस्ट ने प्रदेश कांग्रेस के सियासी सरोवर में एक बार फिर हलचल बढ़ा दी है. नीरज भारती ने नई जिम्मेदारी के लिए आभार जताते हुए पोस्ट लिखी लेकिन मुख्यमंत्री का नाम नदारद था. लिहाजा सोशल मीडिया पर ही सियासी घमासान शुरू हो गया.
हिमाचल प्रदेश में लंबे वक्त के बाद प्रदेश कांग्रेस का संगठन एक बार फिर स्वरूप ले रहा है. शनिवार देर शाम AICC ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कई पदों पर नियुक्तियां की. इसी कड़ी में पूर्व विधायक और वर्तमान कांग्रेस सरकार में मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के बेटे नीरज भारती को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया. रविवार को नीरज भारती ने इस नई जिम्मेदारी के लिए एक के बाद एक मल्टीपल फेसबुक पोस्ट किए. अपनी इन फेसबुक पोस्ट से नीरज भारती ने सत्तारूढ़ कांग्रेस नेताओं को कड़ा संदेश दे दिया है, जिस पर सियासी बवाल होना तय है.
नियुक्ति के बाद नीरज भारती ने फेसबुक पोस्ट के ज़रिए नई ज़िम्मेदारी को लेकर बड़ी बात कही है. रविवार करीब 3:00 बजे नीरज भारती ने अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल पर पहली पोस्ट लिखी. नीरज भारती ने पोस्ट कर लिखा – “क्या आंख, मुंह, कान, हाथ, पैर बांध कर चलना पड़ेगा…” मामला यहीं नहीं अगली पोस्ट में नीरज भारती ने नई जिम्मेदारी के लिए कांग्रेस आलाकमान का धन्यवाद किया मगर इस पोस्ट से मुख्यमंत्री का नाम नदारद था.
धन्यवाद पोस्ट से मुख्यमंत्री का नाम नदारद।
अपनी इस धन्यवाद पोस्ट में नीरज भारती ने पार्टी हाई कमान के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का धन्यवाद किया. मगर इस पोस्ट में मुख्यमंत्री का नाम नज़र नहीं आया तो सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया. नीरज भारती ने लिखा –“जो जिम्मेदारी मुझे कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व- अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी, सोनिया गांधी जी, राहुल गांधी जी, प्रियंका गांधी जी, प्रदेश अध्यक्ष भाई विनय कुमार जी और उप मुख्यमंत्री भाई मुकेश अग्निहोत्री जी ने सौंपी है, उसे मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करूंगा….. मुझ पर विश्वास जताने के लिए मैं सभी वरिष्ठ नेताओं का दिल से आभार व्यक्त करता हूं…..लेकिन झूठ बोलना और चापलूसी करना मेरी फितरत में नहीं है….. जो बात मुझे सही लगेगी, उसे पूरे विश्वास के साथ कहूंगा….. और जो बात गलत लगेगी, उसे भी बिना किसी हिचक के स्पष्ट रूप से रखने से पीछे नहीं हटूंगा।
नहीं लिखा CM सुक्खू का नाम भारती ने ख़ुद बताया
धन्यवाद पोस्ट में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम नजर नहीं आया तो उनके समर्थकों ने पूछना शुरू कर दिया. ऐसे में नीरज भारती ने एक और पोस्ट लिखते हुए मुख्यमंत्री का नाम न लिखने की वजह भी साफ कर दी. नीरज भारती ने लिखा – “बहुत से साथी पूछ रहे हैं और लिख भी रहे हैं कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भाई सुखविंदर सिंह सुक्खू जी का धन्यवाद क्यों नहीं किया….. तो मैं उन सभी साथियों को साफ करना चाहता हूं कि मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह सरकार की तरफ से नहीं बल्कि संगठन की तरफ से सौंपी गई है….. इसलिए जहां से जिम्मेदारी मिलती है, धन्यवाद भी वहीं का किया जाता है….. जहां तक उप मुख्यमंत्री भाई मुकेश अग्निहोत्री जी का सवाल है, तो उनका और मेरा रिश्ता आज का नहीं है….. जब मैं पहली बार विधायक बना था, तभी से हमारा आपसी संवाद और संबंध रहा है….. और हाल ही में उन्होंने मुझे बुलाकर संगठन में जिम्मेदारी देने को लेकर बात भी की थी….. लेकिन माननीय मुख्यमंत्री भाई सुखविंदर सिंह सुक्खू जी से इस विषय में मेरी ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई थी….. इसलिए धन्यवाद भी उन्हीं का बनता है जिन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए मेरा नाम आगे बढ़ाया….. और वैसे भी अगर थोड़ा पीछे देख लें, तो जब स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह जी मुख्यमंत्री थे और भाई सुखविंदर सिंह सुक्खू जी प्रदेश अध्यक्ष बने थे, तब क्या उन्होंने इसके लिए राजा वीरभद्र सिंह जी का धन्यवाद किया था। इसलिए मैंने वही किया है जो संगठन की परंपरा और मर्यादा के अनुसार उचित है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
