पर्यावरण सप्ताह के तहत चौपाल में ड्राइंग और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा।
|
😊 Please Share This News 😊
|
पर्यावरण सप्ताह के तहत चौपाल में ड्राइंग और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा।
गिरिश ठाकुर
चौपाल, 12 जून 2026।
पर्यावरण सप्ताह के समापन अवसर पर नगर पंचायत चौपाल द्वारा शुक्रवार को विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच पर्यावरण संरक्षण विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आकर्षक और प्रेरणादायक चित्र प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता को दो वर्गों—प्राइमरी विंग और हाइयर विंग—में विभाजित किया गया था। इसमें कुल 17 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें प्राइमरी वर्ग से 8 तथा हाइयर वर्ग से 9 प्रतिभागी शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण विषय पर सुंदर एवं संदेशपरक पेंटिंग्स बनाकर निर्णायकों और उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में राजकीय महाविद्यालय चौपाल के अधीक्षक सोमेश ठाकुर तथा प्रवक्ता श्रीमती प्रियंका उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल के निर्णय के अनुसार प्राइमरी वर्ग में सनिका शर्मा (प्राथमिक विद्यालय चौपाल) ने प्रथम, परीशा (आनंद मार्ग पब्लिक स्कूल) ने द्वितीय तथा अमानत (लिविंग वैल्यू पब्लिक स्कूल) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं हाइयर विंग में काव्या शर्मा (लिविंग वैल्यू स्कूल) ने प्रथम, सानवी (लिविंग वैल्यू स्कूल) ने द्वितीय तथा कार्तिक (आरके पब्लिक स्कूल) ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इसके अतिरिक्त नगर पंचायत चौपाल द्वारा स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं के लिए पर्यावरण थीम आधारित रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में तीन स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के निर्णायक नव-निर्वाचित पार्षद श्रीमती पौमिता ठाकुर, ऊषा, मंगत राम, सत्या मध्यक एवं अमृता मलिक रहे। उनके निर्णय के अनुसार लंकरवीर स्वयं सहायता समूह प्रथम, आरती स्वयं सहायता समूह द्वितीय तथा जय माता दी स्वयं सहायता समूह तृतीय स्थान पर रहा।
इस अवसर पर नगर पंचायत चौपाल के नव-निर्वाचित पार्षद, नगर पंचायत के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान निर्णायकों श्रीमती प्रियंका और सोमेश ठाकुर ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
नगर पंचायत चौपाल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और युवा पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
