सोलन में PNB के एटीएम को उखाड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास, राजस्थान का एक आरोपी गिरफ्तार
|
😊 Please Share This News 😊
|
सोलन में PNB के एटीएम को उखाड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास, राजस्थान का एक आरोपी गिरफ्तार
सुरक्षा अलार्म बजने से नाकाम हुई वारदात, एटीएम और परिसर को पहुंचाया था नुकसान
सोलन, न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो। सोलन जिले के चेवा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम को उखाड़कर उसमें रखी नकदी चोरी करने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वीरेंद्र सिंह पुनिया (43), पुत्र बनी सिंह, निवासी गांव ओऊ, तहसील एवं जिला डीग, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 29 अक्टूबर 2026 को सुबह सोलन से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को पंजाब नेशनल बैंक की चेवा शाखा के सीनियर ब्रांच मैनेजर ने पुलिस थाना धर्मपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 9 और 10 अक्टूबर की मध्यरात्रि को अज्ञात व्यक्तियों ने बैंक के एटीएम को उखाड़ने और उसमें रखी नकदी चोरी करने का प्रयास किया था। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना धर्मपुर और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच का जिम्मा संभाला। जांच के दौरान बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। फुटेज में दो नकाबपोश व्यक्ति औजारों के साथ एटीएम कक्ष में दाखिल होते दिखाई दिए। दोनों ने एटीएम के कैश डिस्पेंसर वॉल्ट को तोड़कर नकदी निकालने का प्रयास किया।
आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने और निगरानी व्यवस्था को प्रभावित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों, कार्ड रीडर स्लॉट और रसीद प्रिंटर पर काला रंग पोत दिया था। हालांकि, सुरक्षा अलार्म बजने और सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय होने के कारण आरोपी नकदी चोरी करने में सफल नहीं हो सके। इस दौरान एटीएम मशीन और बैंक परिसर को काफी नुकसान पहुंचाया गया।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए कार्रवाई तेज की, जिसके तहत एक आरोपी वीरेंद्र सिंह पुनिया को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को 29 अक्टूबर को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू की थी। मामले में दूसरे आरोपी की भूमिका और पूरी वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो सोलन
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
