स्मार्ट मीटर विवाद में घिरे कपाहड़ा पंचायत प्रधान और बिजली विभाग, दोनों पक्षों ने दर्ज करवाई FIR।।
|
😊 Please Share This News 😊
|
स्मार्ट मीटर विवाद में घिरे कपाहड़ा पंचायत प्रधान और बिजली विभाग, दोनों पक्षों ने दर्ज करवाई FIR।।
प्रधान विनय कुमार शर्मा पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप, वहीं प्रधान ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर मां और बेटे को धमकाने तथा केस वापस लेने का दबाव बनाने की शिकायत दी
घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत कपाहड़ा में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर पंचायत प्रधान और बिजली विभाग के बीच विवाद गहरा गया है। मामले में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए हैं और एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग के बरठीं उपमंडल के सहायक अभियंता रमेश चंद की शिकायत पर पंचायत प्रधान विनय कुमार शर्मा के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और दबंगई करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। विभाग की ओर से पुलिस को एक वीडियो भी सौंपा गया है, जिसकी जांच की जा रही है।
वहीं, पंचायत प्रधान विनय कुमार शर्मा ने अपनी शिकायत में बिजली विभाग के जेई, एसडीओ सहित अन्य कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रधान का आरोप है कि पांच नवंबर को बिजली कनेक्शन काटे जाने के बाद विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उनके घर पहुंचे तथा उनकी माता और बेटे को धमकाया। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार पर हाईकोर्ट में बिजली विभाग के खिलाफ दायर मामला वापस लेने का दबाव बनाया गया और ऐसा न करने पर उन्हें गंभीर मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
प्रधान के अनुसार, घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी पुलिस को शिकायत दी गई थी।
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। बिजली विभाग की शिकायत पर दर्ज मामले में पुलिस को एक वीडियो भी मिला है, जिसमें प्रधान के खिलाफ आरोपों से संबंधित साक्ष्य होने की बात सामने आई है। पुलिस वीडियो सहित सभी तथ्यों और दोनों पक्षों के आरोपों की गहनता से जांच कर रही है।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
