उड़ान योजना पर श्रेय लेने की राजनीति कर रही कांग्रेस सरकार: सुरेश कश्यप
|
😊 Please Share This News 😊
|
उड़ान योजना पर श्रेय लेने की राजनीति कर रही कांग्रेस सरकार: सुरेश कश्यप
केंद्र के सहयोग से बन रहे हेलीपोर्टों के उद्घाटन में भाजपा सांसदों की अनदेखी का आरोप, पालमपुर हेलीपोर्ट को लेकर भी उठाए सवाल
शिमला। न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो। भाजपा सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर केंद्र सरकार की योजनाओं का श्रेय लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार केंद्र की महत्वाकांक्षी क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ (UDAN) के तहत हो रहे विकास कार्यों को अपनी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास कर रही है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि संसद में प्रस्तुत आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जून 2024 तक हिमाचल प्रदेश में उड़ान योजना के अंतर्गत विमानन अवसंरचना के लिए 213.52 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, जिनमें से 160.48 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का उल्लेख था। उन्होंने यह भी कहा कि फरवरी 2026 तक प्रदेश में योजना के तहत 38 क्षेत्रीय हवाई मार्ग परिचालित हो चुके थे और चार हेलीपोर्ट क्षेत्रीय हवाई संपर्क से जुड़ चुके थे।
कश्यप ने सवाल उठाया कि जब उड़ान योजना केंद्र सरकार की है और इसके तहत हवाई संपर्क सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र की ओर से वित्तीय सहायता दी जा रही है, तो प्रदेश सरकार के उद्घाटन समारोहों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के योगदान को उचित स्थान क्यों नहीं दिया जा रहा है?
उन्होंने आरोप लगाया कि उद्घाटन कार्यक्रमों में भाजपा सांसदों की भागीदारी और उनके नामों की अनदेखी की जा रही है। कश्यप ने कहा कि सांसद जनता के निर्वाचित प्रतिनिधि हैं और विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में उन्हें उचित सम्मान एवं भागीदारी मिलनी चाहिए।
पालमपुर हेलीपोर्ट को लेकर भी उठाए सवाल
पालमपुर हेलीपोर्ट का उल्लेख करते हुए सुरेश कश्यप ने कहा कि यह परियोजना भी उड़ान योजना के तहत चिह्नित है। उनके अनुसार, इसके विकास से संबंधित निविदाएं जारी हो चुकी हैं, जबकि नियमित हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होना अभी बाकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार इस परियोजना को भी अपनी राजनीतिक उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है।
कश्यप ने प्रदेश सरकार से सवाल किया कि पालमपुर सहित अन्य हेलीपोर्ट परियोजनाओं में केंद्र और राज्य सरकार का वास्तविक वित्तीय योगदान कितना है? कितनी धनराशि स्वीकृत हुई, कितनी खर्च की गई और निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति क्या है? उन्होंने सरकार से इन सभी जानकारियों को सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत हो रहे विकास कार्यों का श्रेय लेने के बजाय प्रदेश सरकार को परियोजनाओं की प्रगति और जनता को मिलने वाली सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क सुविधाओं के विस्तार के प्रयासों का उल्लेख भी किया।
सुरेश कश्यप ने मांग की कि उड़ान योजना से संबंधित उद्घाटन समारोहों में केंद्र सरकार के योगदान का स्पष्ट उल्लेख किया जाए, संबंधित सांसदों को उचित सम्मान और भागीदारी दी जाए तथा पालमपुर सहित प्रदेश के सभी हेलीपोर्टों की वित्तीय स्थिति और निर्माण प्रगति का विवरण सार्वजनिक किया जाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और प्रदेश की जनता को बेहतर हवाई संपर्क सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर ध्यान देने का आग्रह किया।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
