चौपाल:ननहार पंचायत में पहली बार लगा बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर, 154 लोगों की जांच; 52 से अधिक के हुए डिजिटल एक्स-रे।
|
😊 Please Share This News 😊
|
चौपाल:ननहार पंचायत में पहली बार लगा बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर, 154 लोगों की जांच; 52 से अधिक के हुए डिजिटल एक्स-रे।
ग्राम पंचायत प्रधान रमा ठाकुर ने किया शिविर का शुभारंभ, स्वास्थ्य विभाग, बीएमओ चौपाल और चिकित्सकों की टीम ने दी नि:शुल्क सेवाएं
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो चौपाल
ननहार। चौपाल उपमंडल की ग्राम पंचायत ननहार में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से उपस्वास्थ्य केंद्र ननहार में विशाल नि:शुल्क बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। हिंदलोक सेवा फाउंडेशन और ग्राम पंचायत ननहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर को पंचायत के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। शिविर में ननहार, झीना तथा आसपास की पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया।
शिविर के दौरान 154 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 52 से अधिक रोगियों के नि:शुल्क डिजिटल एक्स-रे किए गए। इसके अतिरिक्त आवश्यक रक्त परीक्षण और अन्य स्वास्थ्य जांचें भी की गईं। मरीजों को चिकित्सकों की सलाह के अनुसार नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया।
उत्तम स्वास्थ्य जीवन की सबसे बड़ी पूंजी: रमा ठाकुर
शिविर का शुभारंभ ग्राम पंचायत ननहार की प्रधान रमा ठाकुर ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों को घर-द्वार के नजदीक नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं और परामर्श उपलब्ध करवाना सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से विशेष रूप से गरीब, जरूरतमंद और बुजुर्ग लोगों को लाभ मिलता है, जिन्हें छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी दूर स्थित अस्पतालों तक जाना पड़ता है। उन्होंने शिविर के आयोजन में सहयोग देने वाले स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और हिंदलोक सेवा फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने पंचायत की ओर से सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, आयोजकों और सहयोगियों का धन्यवाद किया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं
शिविर में स्वास्थ्य खंड चौपाल के बीएमओ कार्यालय तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झीना के चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। स्वास्थ्य टीम में डॉ. साहिल मेहता, प्रभारी एवं चिकित्सा अधिकारी पीएचसी झीना; डॉ. नमन, बाल रोग विशेषज्ञ; डॉ. प्रियंका, स्त्री रोग विशेषज्ञ; नेहा, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ); स्वीटी, रेडियोग्राफर; बलबीर चंदेल, एसटीएस; आर्यन ठाकुर, ब्लॉक कम्युनिटी कोऑर्डिनेटर; रक्षा शर्मा, एफएचएस, सीएच चौपाल तथा वीरेंद्र शर्मा, एपीओ ननहार शामिल रहे।
चिकित्सकों ने ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, मौसमी संक्रमण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में आवश्यक जानकारी भी दी। शिविर में उपलब्ध जांच सुविधाओं और विशेषज्ञ परामर्श से ग्रामीणों को काफी लाभ मिला।
आशा कार्यकर्ताओं ने निभाई अहम भूमिका
शिविर की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने और इसके सफल संचालन में आशा कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। इसमें ननहार की कृष्णा देवी, ममता देवी और रीमा देवी तथा पीएचसी झीना की कविता देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से आसपास के क्षेत्रों के लोगों को शिविर की जानकारी मिली और ग्रामीणों ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया।
भविष्य में भी आयोजित होंगे जनसुविधा शिविर: राजेश रढाईक
बीडीसी ननहार एवं झीना के सदस्य राजेश रढाईक ने शिविर के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला, खंड चिकित्सा अधिकारी चौपाल, डॉ. साहिल मेहता, सीएचओ नेहा, समस्त चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और आशा कार्यकर्ताओं का विशेष आभार जताया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी बीडीसी के अंतर्गत आने वाली ननहार और झीना पंचायतों में लोगों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए इस प्रकार के जनसुविधा शिविर आयोजित करने के प्रयास जारी रहेंगे, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।
राजेश रढाईक ने शिविर के सफल आयोजन के लिए प्रधान रमा ठाकुर और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के कार्यों में इसी तरह सक्रिय भागीदारी निभाती रहेगी।
वहीं, प्रधान रमा ठाकुर ने हिंदलोक सेवा फाउंडेशन के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए ग्रामीणों के हित में सहयोग देने के लिए संस्था का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे प्रयास ग्रामीणों के लिए लाभकारी साबित होते हैं।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
