बद्दी में 3 क्विंटल भुक्की बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार हरियाणा से बद्दी लाई जा रही थी नशे की बड़ी खेप, स्पैशल एक्स टीम ने नाकाबंदी कर ट्रक दबोचा।
|
😊 Please Share This News 😊
|
बद्दी में 3 क्विंटल भुक्की बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार
हरियाणा से बद्दी लाई जा रही थी नशे की बड़ी खेप, स्पैशल एक्स टीम ने नाकाबंदी कर ट्रक दबोचा।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो
बद्दी। हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 300 किलोग्राम यानी 3 क्विंटल भुक्की (चूरा-पोस्त) बरामद की है। पुलिस ने नशे की खेप को जब्त करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार मध्यरात्रि बद्दी पुलिस की स्पैशल एक्स टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा की तरफ से एक ट्रक में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बद्दी की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बद्दी पुल के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान हरियाणा की तरफ से आए संदिग्ध ट्रक को पुलिस टीम ने रोककर नियमानुसार तलाशी ली। ट्रक में रखे प्लास्टिक के बोरों की जांच के दौरान पुलिस को 3 क्विंटल भुक्की बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान धर्मिन्द्र सिंह निवासी वार्ड नंबर-3, नालागढ़ के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ बद्दी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह भुक्की की यह खेप हरियाणा में किस व्यक्ति से लेकर आया था और बद्दी-नालागढ़ क्षेत्र में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। पुलिस मामले के संभावित बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है।
पुलिस जिला बद्दी के एसपी विनोद धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि बद्दी पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
