वाहन योग्य पुल न होने से घायल को पालकी का सहारा। जोगिंदरनगर के दरोब गांव की बदहाल व्यवस्था उजागर, एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी।
|
😊 Please Share This News 😊
|
वाहन योग्य पुल न होने से घायल को पालकी का सहारा।
जोगिंदरनगर के दरोब गांव की बदहाल व्यवस्था उजागर, एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो
जोगिंदरनगर: मंडी जिला के जोगिंदरनगर क्षेत्र के दरोब गांव में सड़क और पुल की बदहाल व्यवस्था ने एक बार फिर ग्रामीणों की मुश्किलें उजागर कर दी हैं। गांव में वाहन योग्य पुल नहीं होने के कारण घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना के दौरान एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ग्रामीणों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायल को पालकी के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से उसे वाहन के माध्यम से आगे उपचार के लिए ले जाया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए उचित और वाहन योग्य पुल का निर्माण लंबे समय से जरूरी है। पुल के अभाव में आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन जाता है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से मांग उठाई है कि दरोब गांव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द वाहन योग्य पुल का निर्माण करवाया जाए, ताकि भविष्य में किसी मरीज या घायल को इस तरह पालकी के सहारे मुख्य सड़क तक न ले जाना पड़े।
ग्रामीणों का कहना है कि बेहतर सड़क और पुल जैसी मूलभूत सुविधाएं किसी भी गांव के लिए बेहद जरूरी हैं। प्रशासन को मामले में शीघ्र कार्रवाई कर लोगों को राहत प्रदान करनी चाहिए।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
