चार साल तक अधूरी रहीं गारंटियां, अब चुनावी साल में नई घोषणाओं का सहारा ले रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर
|
😊 Please Share This News 😊
|
चार साल तक अधूरी रहीं गारंटियां, अब चुनावी साल में नई घोषणाओं का सहारा ले रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर
18 लाख परिवारों में से चुनिंदा को ही क्यों मिलेगा लाभ? 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा भी अधूरा, 125 यूनिट की राहत पर भी उठाए सवाल
शिमला, 14 नवंबर। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर चुनावी गारंटियां पूरी नहीं करने को लेकर तीखा हमला बोला है। शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान प्रदेश की जनता से अनेक बड़े वादे किए थे, लेकिन सरकार के चार वर्ष पूरे होने को हैं और अधिकांश गारंटियां अब तक अधूरी हैं। उन्होंने कहा कि अब चुनावी वर्ष नजदीक आते ही सरकार को माताओं-बहनों और अपनी चुनावी घोषणाओं की याद आने लगी है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में 18 से 59 वर्ष की सभी महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये देने की गारंटी दी थी। उस समय किसी आय सीमा या पात्रता की शर्त का उल्लेख नहीं किया गया था। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में इस आयु वर्ग की लगभग 28 लाख महिलाएं हैं, लेकिन अब सरकार ने केवल 3.50 लाख महिलाओं को योजना के दायरे में लाने की घोषणा की है। उन्होंने सवाल उठाया कि बाकी 24.50 लाख महिलाओं का क्या कसूर है और सरकार ने अधिकांश महिलाओं को योजना से बाहर क्यों रखा है।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश के 18 लाख परिवारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखी परिवार की बात करते हैं, लेकिन सवाल यह है कि प्रदेश के सभी परिवारों को इस दायरे में क्यों नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार सभी महिलाओं को 1,500 रुपये देने की गारंटी पूरी नहीं कर सकती तो उसे प्रदेश की माताओं-बहनों से माफी मांगनी चाहिए।
300 यूनिट मुफ्त बिजली की गारंटी पर भी सवाल
जयराम ठाकुर ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने के वादे को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने सामान्य परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा दी थी, लेकिन कांग्रेस ने चुनाव के दौरान इसे बढ़ाकर 300 यूनिट करने का वादा किया। चार वर्ष बीतने के बावजूद यह गारंटी सभी परिवारों के लिए लागू नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से मिल रही 125 यूनिट की राहत में भी पात्रता संबंधी बदलाव किए गए हैं। अब सीमित परिवारों के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली की घोषणा कर सरकार पूरी गारंटी लागू होने का दावा कर रही है।
रोजगार और दूध खरीद के वादों पर भी घेरा
जयराम ठाकुर ने पांच लाख रोजगार, पहले वर्ष में एक लाख नौकरियां, दूध खरीद और गोबर खरीद जैसी गारंटियों को लेकर भी कांग्रेस सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दूध उत्पादकों को चार से छह महीने तक भुगतान नहीं मिल रहा है। सप्ताह में केवल पांच दिन दूध खरीदने के निर्देशों से पशुपालकों की परेशानियां बढ़ी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकांश किसानों को दूध के लिए 49 रुपये प्रति लीटर से अधिक दाम नहीं मिल रहे हैं।
सरकार के भीतर असंतोष और आगामी विधानसभा सत्र का मुद्दा
नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस सरकार के भीतर असंतोष का मुद्दा उठाते हुए एक विधायक की ओर से मंत्री पद को लेकर 11 दिसंबर की समयसीमा दिए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने विधायकों से किए वादों पर भी जवाब देना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भाजपा भ्रष्टाचार के आरोपों, सरकारी संपत्तियों के निजी संचालन, प्रदेश में बढ़ते नशे, कानून व्यवस्था और खराब सड़कों जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से दौरे कर रहे हैं, जबकि प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में सड़कें बदहाल हैं और लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अंत में जयराम ठाकुर ने कहा कि चार साल तक चुनावी गारंटियां अधूरी रखने के बाद अब अंतिम वर्ष में नई घोषणाओं के सहारे जनता का विश्वास हासिल करने की कोशिश की जा रही है। हिमाचल की जनता चुनावी वादों और सरकार के कामकाज के बीच अंतर को समझ रही है।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो शिमला
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
