धन बल की राजनीति करने वालों ने जनादेश से धोखा कर चुन लिया अपना ठिकाना : सुक्खू।

😊 Please Share This News 😊
|
धन बल की राजनीति करने वालों ने जनादेश से धोखा कर चुन लिया अपना ठिकाना : सुक्खू।
न्यूज़ टुडे हिमाचल ब्यूरो शिमला:
हिमाचल में जारी सियासी घटनाक्रम के बीच आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर भी जारी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बागी नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि आया राम-गया राम और धनबल की राजनीति करने वालों ने देवभूमि के जनादेश से धोखा कर आज अपना ठिकाना चुन लिया। आज वे उनके साथ बैठे हैं, जिन्होंने मांगने पर कर्मचारियों का मजाक उड़ाया। जिन्होंने पेपर लीक घोटाला किया और युवाओं के रिजल्ट लटकाए। जो अपने फायदे के लिए महिलाओं के विरोध में खड़े हो गए। जिन्होंने देवभूमि के आदर्शों व मूल्यों को अपनी बेईमानी व खरीद-फरोख्त वाली राजनीति से कुचला, लेकिन लोकतंत्र में जनता जनार्दन है। पैसों के लिए अपना ईमान बेचने वाले जनता का प्यार और समर्थन पैसों से नहीं खरीद सकते। उन्होंने अंत में लिखा है कि जनता जवाब देगी।
सरकार को अस्थिर करने के प्रयास में लगी है भाजपा : गोमा
वहीं मंत्री यादविंदर गोमा, सीपीएस संजय अवस्थी और विधायक संजय रतन ने राजीव भवन में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में बागी नेताओं पर तीखे प्रहार किए। मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि भाजपा बीते एक माह से सरकार को अस्थिर करने के प्रयास में लगी हुई है। इसी रणनीति के तहत कांग्रेस के 6 बागी नेताओं और 3 निर्दलीय विधायकों को भाजपा में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक तय एजैंडे के तहत काम कर रही है। इसके तहत भाजपा गैर-शासित राज्यों में अपनी सरकार को स्थापित करना चाहती है। बीते दिनों दिल्ली के सीएम को भी गिरफ्तार कर लिया है। गोमा ने कहा कि जो भाजपा में शामिल हुए हैं उन्हें कांग्रेस ने हमेशा मान-सम्मान दिया है। सुधीर शर्मा पूर्व में मंत्री रहे और राष्ट्रीय सचिव भी थे। यहां तक कि उनके पिता भी कांग्रेस पार्टी में अच्छे पदों पर रहे हैं। गोमा ने राजेंद्र राणा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जो लोग भाजपा में शामिल हुए हैं, वह पहले भी भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए थे।
गद्दारी करने वालों को जनता माफ नहीं करेगी : अवस्थी
सीपीएस संजय अवस्थी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा ने प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का काम किया था, जिसमें वह पूरी तरह से असफल रही है। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं ने पार्टी के साथ गद्दारी की है, उन्हें जनता माफ नहीं करेगी। सीएम ने प्रदेश के हित में 15 माह में कई बड़े निर्णय लिए हैं। निजी स्वार्थों के चलते बागी विधायकों द्वारा उन पर बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। सीएम ने 10 में से 5 गारंटियों को पूरा किया है। सरकार मजबूत है और 5 साल चलेगी।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
