दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी हिमाचल नंबर की बोलेरो, दो साल की मासूम समेत दो की मौत, पांच घायल
|
😊 Please Share This News 😊
|
दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी हिमाचल नंबर की बोलेरो, दो साल की मासूम समेत दो की मौत, पांच घायल
न्यूज टुडे हिमाचल।
उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में हिमाचल प्रदेश के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा हरिपुर-कोटी मार्ग पर कोटी स्थित दमोह मंदिर के समीप हुआ, जहां हिमाचल नंबर की एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो (HP01A-8928) में कुल सात लोग सवार थे। सभी हिमाचल प्रदेश से काम करके वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में दो वर्षीय मासूम सुधिका और दिनेश की मौत हो गई। वहीं, चालक चमन लाल (45), डम्बर (32), नीशा (14), अभिलाषा (30) और पांच वर्षीय प्रदीप घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही कालसी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। खाई गहरी होने के कारण घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो लोगों की मौत से प्रभावित परिवारों में मातम पसरा हुआ है। दो साल की मासूम की मौत ने इस हादसे को और भी हृदयविदारक बना दिया है।
न्यूज टुडे हिमाचल
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
