हिमाचल में फेक करेंसी के साथ दो गिरफ्तार, ऐसे बाजार में खपाते थे नकली नोट।
|
😊 Please Share This News 😊
|
हिमाचल में फेक करेंसी के साथ दो गिरफ्तार, ऐसे बाजार में खपाते थे नकली नोट।
हमीरपुर: पुलिस ने नकली करेंसी के बड़े कारोबार का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में घूम-घूमकर जाली नोट चलाने का काम कर रहे थे. इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि अब पुलिस इनके पूरे नेटवर्क और अन्य राज्यों से जुड़े तारों की गहराई से जांच कर रही है.
बता दें कि 9 अप्रैल को हमीरपुर के लोहारड़ा बायपास रोड पर 74 वर्षीय दुकानदार को आरोपियों ने अपने झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाया था. शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध गाड़ी बिलासपुर क्षेत्र में मौजूद है. इसके बाद तुरंत टीम मौके के लिए रवाना की गई और दोनों आरोपियों को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी नकली नोटों के साथ मनाली की ओर जा रहे थे. तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 500 रुपये के 16 और 200 रुपये के 33 जाली नोट बरामद किए गए. इसकी कीमत 14,600 रुपये है.
कोर्ट में पेश किए जाएंगे आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले कई दिनों से हिमाचल के अलग-अलग इलाकों में छोटे दुकानदारों और विशेष रूप से बुजुर्ग लोगों को निशाना बनाकर जाली नोट चला रहे थे. पुलिस को आशंका है कि इनके साथ और लोग भी जुड़े हो सकते हैं. एसपी बलबीर सिंह ने बताया कि ‘यह अंतरराज्यीय नकली करेंसी गिरोह है और दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे पूछताछ की जाएगी. यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों को नकली नोट कहां से मिलते थे और वो किन-किन जगहों पर इन्हें चला चुके हैं. पुलिस ने दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि नोट लेते और देते समय उसकी सुरक्षा विशेषताओं की अच्छी तरह जांच करें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते ऐसी ठगी और अपराधों पर रोक लगाई जा सके.
कैसे दुकानदार को बनाया था ठगी का शिकार
आरोपी 9 अप्रैल को हमीरपुर के लोहारड़ा बायपास पर बुजुर्ग की दुकान पर चाय पीने के लिए रुके थे. दुकानदार को झांसे में लेने के बाद आरोपियों ने कहा कि हमारे पास 200 रुपये के नोट हैं और वो बदले में 500 रुपये के नोट लेना चाहते हैं. भरोसे में आकर बुजुर्ग दुकानदार ने उन्हें 500 रुपये के 12 नोट, यानी कुल 6000 रुपये दे दिए. बदले में आरोपियों ने दुकानदार को 200 रुपये के 30 नोट थमा दिए. दुकानदार ने बिना जांच किए नोट गल्ले में रख लिए. अगले दिन 16 नोट नकली निकले थे.इसके तुरंत बाद सदर थाना में इसकी शिकायत दर्ज करवाई. शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी, बैंक रिकॉर्ड और लोकेशन ट्रैकिंग का सहारा लिया. इन सबूतों के आधार पर आरोपियों की गाड़ी की पहचान की गई.
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
