7.8% आर्थिक विकास दर पर बोले राजीव बिंदल—‘आगे बढ़ते भारत पर पूरे देश को बधाई’, राहुल गांधी पर साधा निशाना।
|
😊 Please Share This News 😊
|
7.8% आर्थिक विकास दर पर बोले राजीव बिंदल—‘आगे बढ़ते भारत पर पूरे देश को बधाई’, राहुल गांधी पर साधा निशाना।
जाति, धर्म और संप्रदाय के नाम पर देश को बांटने की राजनीति स्वीकार्य नहीं : डॉ. राजीव बिंदल
शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला के बालूगंज चौक पर स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर संवाद करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा निशाना साधा। कागज के कप में चाय की चुस्कियां लेते हुए बिंदल ने कहा कि चाय भारत की विविधता में एकता और आपसी संवाद का प्रतीक है।
एंकर इंट्रो :
शिमला के बालूगंज चौक पर चाय की चुस्कियों के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने देश की आर्थिक प्रगति और राष्ट्रीय एकता को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। बिंदल ने भारत की 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर को देश के लिए गर्व का विषय बताते हुए देशवासियों को बधाई दी। वहीं राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब उन्हें हर विषय में विभाजन दिखाई देने लगा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक भारत के अलग-अलग हिस्सों में चाय पीने के तरीके भले ही अलग हों, लेकिन चाय लोगों को जोड़ने और विचार साझा करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी ‘चाय पर चर्चा’ का नाम जुड़ा है, जो जनसंवाद का प्रतीक बन चुका है।
उन्होंने भारत की आर्थिक विकास दर 7.8 प्रतिशत रहने का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में आर्थिक चुनौतियां देखने को मिल रही हैं, जबकि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इसे पूरे देश के लिए खुशी और गर्व का विषय बताते हुए देशवासियों को बधाई दी।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए बिंदल ने कहा कि देश की प्रगति और राष्ट्रीय एकता को सकारात्मक नजरिए से देखने के बजाय ऐसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं, जिनसे समाज में अनावश्यक विभाजन पैदा होता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब राहुल गांधी को कागज के कप और दूसरे प्रकार के कप में भी विभाजन दिखाई देने लगा है।
बिंदल ने कहा कि बालूगंज में समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग एक साथ बैठकर कागज के कप में चाय पी रहे हैं। प्लास्टिक पर प्रतिबंध के बाद कागज के कप का इस्तेमाल आम हो गया है और छोटे आयोजनों से लेकर बड़े सामाजिक व वैवाहिक समारोहों तक इनका उपयोग किया जा रहा है। ऐसे सामान्य विषयों को सामाजिक विभाजन से जोड़ना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि देश को एकजुट रखना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है। लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन जाति, धर्म और संप्रदाय के आधार पर समाज को बांटने वाली राजनीति स्वीकार्य नहीं हो सकती।
कांग्रेस के शिमला प्रदर्शन और राहुल गांधी की लोकप्रियता से जुड़े सवाल पर बिंदल ने कहा कि यदि कोई नेता लोकप्रिय है तो इससे किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकप्रिय हों, इससे उन्हें भी खुशी होगी, लेकिन जाति, धर्म और संप्रदाय के आधार पर देश को बांटने की नीति देश के लिए नुकसानदायक है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को जनता के बीच जाकर अपना पक्ष रखने और समर्थन हासिल करने का अधिकार है। राजनीतिक प्रतिस्पर्धा लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव से समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है और देश को आगे बढ़ाने के लिए समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना जरूरी है।
इस अवसर पर भाजपा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, पायल वैद्य, अमित ठाकुर, किरण बावा, कर्ण नंदा, सुदीप महाजन, संजय सूद, प्रेम ठाकुर और राजीव पंडित सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
